Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

जुगसलाई में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक हथियार के साथ गिरफ्तार

जमशेदपुर। शहर में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुगसलाई थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रविवार देर रात पार्वती घाट से गरीब नवाज कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी (पहलवान डेरा) निवासी 19 वर्षीय मो. शहजादा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। साथ ही आरोपी के पास से एक महंगा आईफोन मोबाइल और घटनास्थल से उसकी सफेद रंग की हुंडई वरना कार (नंबर- JH05AU8134) भी जब्त की गई है।

सोमवार को सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र के पार्वती घाट और गरीब नवाज कॉलोनी के रास्तों पर संदिग्ध अपराधियों की आवाजाही बढ़ गई है। इस सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संबंधित मार्ग पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध सफेद हुंडई वरना कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद युवक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां के साथ एसआई अजय कुमार यादव, गोपाल कुमार, गौतम कुमार, मनोज कुमार गोराई, हवलदार कुंदन राम, बिहारी मिश्रा और आरक्षी सैयद सलमान अख्तर की अहम भूमिका रही।

Related Post