Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

शराब दुकान में पिस्टल के बल पर रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हारिया थाना क्षेत्र में शराब दुकान पर पिस्टल दिखाकर रंगदारी मांगने की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया ने बताया कि आदित्यपुर निवासी निशांत झा ने 9 अप्रैल को गम्हारिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने आवेदन में बताया था कि 7 अप्रैल 2026 को छोटा गम्हारिया स्थित केपीएस रोड पर संचालित सरकारी शराब दुकान में कुछ अज्ञात अपराधी पहुंचे थे। अपराधियों ने पिस्टल लहराकर रंगदारी की मांग की और दुकान से शराब लेकर मौके से फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक बारी उर्फ गुल्लु (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में शामिल रह चुका है। इस कार्रवाई में गम्हारिया थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।saraikela

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Related Post