आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित इंडो डेनिश टूल रूम में सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सैकड़ों छात्रों ने प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोली के अचानक ट्रांसफर के विरोध में जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और छात्रों ने संस्थान के मुख्य गेट को जाम कर दिया, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों का प्रवेश पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि सुमित कोली छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय थे और प्लेसमेंट से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका बेहद अहम रही है। छात्रों के अनुसार, उनके प्रयासों से कई विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर मिले थे, ऐसे में बिना किसी स्पष्ट कारण के उनका तबादला किया जाना छात्रों के हितों के खिलाफ है। इसी नाराजगी के चलते छात्र सुबह से ही संस्थान परिसर में जुटने लगे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रांसफर आदेश वापस लेने की मांग करने लगे।
स्थिति को संभालने के लिए खुद सुमित कोली मौके पर पहुंचे और छात्रों से शांति बनाए रखने तथा आंदोलन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने हाथ जोड़कर छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भावुक छात्र अपनी मांगों पर अडिग रहे और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। कई छात्रों ने यह भी कहा कि जब तक ट्रांसफर आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इधर, संस्थान प्रबंधन ने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है और कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, यह तबादला उच्च स्तर के निर्देश पर किया गया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। प्रबंधन की चुप्पी ने छात्रों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है।
वहीं, हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तैनात रही। पुलिस ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, ताकि संस्थान का शैक्षणिक माहौल प्रभावित न हो, लेकिन देर शाम तक छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा।
इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल संस्थान के भीतर बल्कि क्षेत्र में भी हलचल पैदा कर दी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रबंधन छात्रों की मांगों पर क्या रुख अपनाता है और क्या सुमित कोली का ट्रांसफर वापस लिया जाएगा या नहीं।

