जमशेदपुर। कदमा क्षेत्र के मंदिर पथ एवं उससे जुड़े क्रॉस रोड इलाके में अवैध बहुमंजिला इमारतों के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
दिए गए पत्र में बताया गया है कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) द्वारा पारित नक्शा जी+2 (G+2) का उल्लंघन करते हुए कई स्थानों पर 5 से 10 मंजिला व्यावसायिक इमारतें बना दी गई हैं। इतना ही नहीं, मंदिर पथ स्थित मकान संख्या 1-37 के पुराने भवन को हटाकर उसी भूमि पर नए बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य अभी भी जारी है। आशंका जताई गई है कि भविष्य में इस भूखंड पर और ऊंची इमारतें भी खड़ी की जा सकती हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मंदिर पथ और उससे जुड़े मार्गों में लगभग 200 घर पहले से मौजूद हैं, जिनके लिए मात्र 10 फीट चौड़ी सड़क और संकरी नाली की व्यवस्था है। ऐसे में अतिरिक्त बहुमंजिला इमारतों के निर्माण से यहां रहने वाले लगभग 300 नए परिवारों का दबाव भी उसी सीमित संसाधनों पर पड़ रहा है। इससे जल निकासी की समस्या गंभीर हो गई है और नालियां अक्सर जाम रहती हैं।
इसके अलावा, क्षेत्र में बिजली और पानी की मौजूदा व्यवस्था भी बढ़ती आबादी के लिए पर्याप्त नहीं है। जुस्को द्वारा दिए गए पानी कनेक्शन और स्थापित ट्रांसफार्मर पहले से ही सीमित क्षमता पर कार्य कर रहे हैं। वहीं, संकरी सड़क पर बढ़ते वाहनों के कारण यातायात की स्थिति भी बदतर हो गई है।
मांग पत्र में प्रशासन से आग्रह किया गया है कि नियमों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे इन बहुमंजिला भवनों के निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के संकट से राहत मिल सके।

