Breaking
Sat. Apr 4th, 2026

लक्ष्मीनगर में सात दिवसीय शिव कथा का भव्य समापन, बाबा बैद्यनाथ की भक्ति में सराबोर हुए श्रद्धालु

जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित सात दिवसीय पार्थिव पूजन यज्ञ सह शिव कथा का शनिवार को समापन गहन आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच संपन्न हुआ। पूरे सप्ताह मंदिर परिसर शिवमय बना रहा, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। अंतिम दिन कथा व्यास आचार्य राजकुमार मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम की दिव्यता का भावपूर्ण बखान किया।

आचार्य राजकुमार मिश्रा ने अपने प्रवचन में कहा कि बाबा बैद्यनाथ केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि समस्त जीवों के कष्ट हरने वाले जीवंत शिव स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि जो भक्त सच्चे मन, श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान शिव की उपासना करते हैं, उनके जीवन के समस्त दुखों का अंत हो जाता है और उन्हें आध्यात्मिक शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने पार्थिव पूजन को अत्यंत पुण्यदायी बताते हुए कहा कि यह अनुष्ठान मनुष्य के पापों का नाश कर उसे मोक्ष के मार्ग की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में नियमित रूप से शिव स्मरण, जप और पूजा को अपनाएं।

कथा के दौरान उन्होंने सनातन धर्म की परंपराओं की व्याख्या करते हुए शिखा धारण करने के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि यह हमारी संस्कृति, चेतना और ऋषि परंपरा से जुड़ने का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने पारिवारिक जीवन में प्रेम और सम्मान की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है और वही घर सच्चे अर्थों में स्वर्ग बन जाता है।

सात दिनों तक चले इस आयोजन में हर दिन भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और शिव पुराण कथा का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से शामिल हुए। अंतिम दिन मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य माना।

इस धार्मिक अनुष्ठान में कई प्रमुख गणमान्य लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा सहित कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां शामिल रहीं, जिन्होंने कथा श्रवण कर भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

युवक संघ दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे यह सात दिवसीय शिव कथा न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान बल्कि आस्था, संस्कार और समाजिक समरसता का अद्भुत संगम बनकर सामने आया।

Related Post