Breaking
Sun. Apr 5th, 2026

कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, एक के पास से हथियार व गोली बरामद

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड में दहशत फैलाने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 1 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगौर स्वीट्स के सामने शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने पर उसने लोगों को डराने के लिए देशी कट्टा लहराया और अपने साथी मो. सलमान के साथ बाइक से फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आजादनगर थाना में तत्काल मामला दर्ज किया गया और एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा बच्चनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में 2 अप्रैल की शाम गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी शहर छोड़ने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15 (कपाली लिंक रोड) के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में मुख्य आरोपी शेख सारिक ईमाम के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि उसके साथी सलमान के पास से 8 एमएम की एक जिंदा गोली जब्त की गई। इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत एक नया कांड दर्ज किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि शेख सारिक ईमाम का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई मामलों में संलिप्त रह चुका है। इसी वर्ष जनवरी में उसके खिलाफ मारपीट और साजिश से संबंधित मामला भी दर्ज हुआ था।

सिटी एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में डीएसपी बच्चनदेव कुजूर के साथ आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार, मनीष कुमार, श्रीकांत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post