जमशेदपुर। शहर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। यह कार्रवाई सोनारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की।
पुलिस को 1 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि डोबो पुल के समीप मरीन ड्राइव रोड पर कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जमा हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी हेडक्वार्टर-2 मनोज ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से चार लोगों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका वजन लगभग 5 ग्राम बताया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस ने 6 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं, जिसे नशे के कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारती कैवर्त, विशाल कैवर्त, ऋषभ साहू और कुमार बहादुर के रूप में हुई है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस मामले की जानकारी गुरुवार को डीएसपी मनोज ठाकुर ने प्रेस को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

