Breaking
Tue. Jun 9th, 2026

पटमदा मॉडल स्कूल में शिक्षकों की कमी पर अभिभावकों का प्रदर्शन, डीईओ को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर।ग्रामीण क्षेत्र स्थित मॉडल स्कूल पटमदा में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर अभिभावकों का आक्रोश सामने आया है। गुरुवार को दर्जनों अभिभावक जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन करते हुए जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा।

अभिभावकों ने बताया कि स्कूल में गणित, अंग्रेजी, संस्कृत और हिंदी जैसे प्रमुख विषयों के शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। गणित के प्रतिनियोजित शिक्षक परशुराम राय मार्च 2026 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जिसके बाद से यह पद खाली है। वहीं अंग्रेजी और संस्कृत विषय के लिए वर्तमान में कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं है। हिंदी शिक्षक रंजीत ओझा को भी केवल सप्ताह में चार दिन के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है, जिससे छात्रों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है।

अभिभावकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार विभाग को आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने मांग की है कि सभी विषयों के लिए जल्द से जल्द पूर्णकालिक शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।

ज्ञापन सौंपने वालों में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीनानाथ महतो, उपाध्यक्ष बेलारानी महतो, लागर चंद्र महतो, राशेश्वर मुखर्जी, शिवप्रसाद मंडल, शांतिराम महतो, मोनिका महतो, परी प्रमाणिक, तारामणि महतो, कुंती महतो, अंजलि महतो, गीतारानी महतो, गुलापी महतो, रेखा महतो और ऋतु महतो सहित कई अभिभावक शामिल थे।

Related Post