धनबाद। जिले के राजगंज थाना क्षेत्र में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अलीशा कुमारी का महिलाओं के साथ डांडिया खेलते और भोजपुरी गाने पर झूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। यह मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है, जहां एसएसपी प्रभात कुमार ने त्वरित कदम उठाते हुए थाना प्रभारी को लाइन क्लोज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, राजगंज में चैती दुर्गा पूजा अनुष्ठान के तहत दशमी के अवसर पर रविवार को एक भव्य डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन हुआ, जिसमें राजगंज पंचायत की मुखिया वंदना बारूई समेत समिति की कई महिला सदस्य उपस्थित थीं।
उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ, जहां स्थानीय महिलाओं ने डांडिया खेलना शुरू किया। इसी दौरान महिलाओं के आग्रह पर थाना प्रभारी भी कार्यक्रम में शामिल हो गईं और उनके साथ डांडिया खेलने लगीं। माहौल उत्साहपूर्ण था और लोग इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने लगे। इसी बीच मंच के नीचे से भोजपुरी भक्ति गीत बजाने की मांग की गई, लेकिन गलती से आधुनिक भोजपुरी गाने चल गए, जिस पर थाना प्रभारी समेत अन्य महिलाएं थिरकती नजर आईं।
कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया और मामला वरीय पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अलीशा कुमारी को लाइन क्लोज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद फिलहाल राजगंज थाना में नए प्रभारी की तैनाती नहीं की गई है।
इधर, इस घटना को लेकर चैती दुर्गा पूजा समिति और स्थानीय महिलाओं में नाराजगी देखी जा रही है। समिति की महिला अध्यक्ष गौरी देवी ने कहा कि थाना प्रभारी को कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था और उन्होंने महिलाओं के आग्रह पर ही डांडिया में भाग लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भक्ति गीत की मांग के बावजूद गलती से अन्य गाने बज गए, जिसे तुरंत बंद करा दिया गया था।
समिति की महिलाओं का कहना है कि थाना प्रभारी ने किसी भी तरह की अनुशासनहीनता नहीं की, बल्कि सामाजिक कार्यक्रम में सहभागिता दिखाई। उन्होंने एसएसपी से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में आगे क्या रुख अपनाता है।

