कुडू-लोहरदगा: कुडू थाना क्षेत्र के कुडू-लोहरदगा मुख्य पथ पर टाटी गांव स्थित पानी टंकी के समीप शनिवार संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहरदगा से कुडू की ओर आ रही बोलेरो और कुडू से लोहरदगा की ओर जा रही होंडा शाइन मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार कुडू दोबा निवासी विश्वनाथ उरांव के 16 वर्षीय पुत्र तथा एक अज्ञात युवती की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में सारु उरांव के 35 वर्षीय पुत्र अंकित उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो वाहन को जब्त कर थाना ले आई। अज्ञात युवती की पहचान के लिए पुलिस द्वारा प्रयास जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना अक्सर हादसों का कारण बनता है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

