मनोहरपुर: क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुधारने और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। मनोहरपुर प्रखंड स्थित ईश्वर पाठक प्लस-2 उच्च विद्यालय में छह नए कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
डीएमएफटी फंड से बनने वाले इस भवन का शिलान्यास स्थानीय विधायक जगत माझी ने पूजा-अर्चना और शिलापट का अनावरण कर किया।
इस मौके पर विधायक जगत माझी ने कहा कि यह कार्य मनोहरपुर क्षेत्र के शैक्षिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालय में कमरों की कमी को दूर करना और छात्र-छात्राओं के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि नए कमरों के निर्माण से प्लस-2 स्तर के छात्रों को काफी सुविधा मिलेगी और पठन-पाठन का माहौल बेहतर होगा।
ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

