Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

चाईबासा में रामनवमी की शोभायात्रा शांतिपूर्वक संपन्न, 36 अखाड़ों ने लिया हिस्सा

चाईबासा : शहर चाईबासा में रामनवमी का पर्व शुक्रवार देर रात शांतिपूर्वक और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर में कुल 42 अखाड़ों में से लगभग 36 अखाड़ों ने भव्य शोभायात्रा में हिस्सा लिया। सभी अखाड़ों ने आकर्षक मूर्तियां, झांकियां, लाइट और गाजे-बाजे के साथ निर्धारित रूट पर भ्रमण किया। पूरे शहर में जय श्री राम, जय हनुमान और जय बजरंगबली के नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

करीब 6 से 7 किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा में अखाड़ों का उत्साह देखने लायक था।

विशेष रूप से बजरंग दल अखाड़ा के साथ दुर्गा वाहिनी की बच्चियों द्वारा प्रस्तुत किए गए करतबों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चियों का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा और लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।

श्री सरस्वती हरि बोल कमेटी द्वारा निकाली गई झांकी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। यह झांकी सबसे लंबी और आकर्षक मानी गई, जिसे देखने के लिए लोग खासा उत्साहित दिखे। वहीं विभिन्न अखाड़ों द्वारा निकाले गए ऊंचे-ऊंचे झंडे भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। झंडों की ऊंचाई देखकर लोग आश्चर्यचकित नजर आए।

शोभायात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में महावीर मंडल की टीम की अहम भूमिका रही। महावीर मंडल के अध्यक्ष विशाल साव और महामंत्री बिट्टू यादव के नेतृत्व में पूरी टीम आयोजन में सक्रिय रही और व्यवस्थाओं को संभाला।

प्रशासन की ओर से भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

प्रशिक्षु आईएएस सिद्धार्थ कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर अमिताभ भगत, अंचल अधिकारी सदर उपेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

रात्रि करीब 2:30 बजे अंतिम अखाड़ा यंग स्टार क्लब के अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने के साथ ही शोभायात्रा का समापन हुआ। कार्यक्रम के बाद महावीर मंडल के पदाधिकारियों ने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से रामनवमी का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो सका।

Related Post