पोटका/डुमरिया
: रामनवमी के पावन अवसर पर पोटका विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भव्य पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। डुमरिया प्रखंड के भालूकपातड़ा, डुमरिया बस स्टैंड के समीप तथा पोटका प्रखंड के पिछली भक्त टोला में आयोजित कार्यक्रमों में विधायक संजीव सरदार शामिल हुए और भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
*विभिन्न स्थानों पर पूजा में शामिल होकर बढ़ाया उत्साह*
विधायक संजीव सरदार ने भालूकपातड़ा में आयोजित भव्य पूजा कार्यक्रम में भाग लेकर भगवान श्रीराम की आराधना की। इसके बाद डुमरिया बस स्टैंड के समीप नवमी पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं पोटका प्रखंड के पिछली भक्त टोला स्थित श्री श्री बजरंग अखाड़ा द्वारा आयोजित पूजा कार्यक्रम में भी शामिल होकर उन्होंने भक्तों के साथ पूजा-अर्चना की और शुभकामनाएं दीं। विधायक संजीव सरदार ने श्री पंच जूना अखाड़ा बागबेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और श्रद्धालुओ को शुभकामनाएं दी.
*धर्म, सत्य और विजय का प्रतीक है रामनवमी : संजीव सरदार*
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। अयोध्या से लेकर पूरे देश में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन भक्त व्रत, पूजा और शोभा यात्रा के माध्यम से प्रभु राम के आदर्शों को स्मरण करते हैं।
सभी आयोजित कार्यक्रमों में मंदिर समिति के सदस्य, झामुमो प्रखंड कमेटी के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

