*रांची :* राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में घर से सोने के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में नाबालिग समेत चार आरोपियों को दबोचा गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुन्ना जायसवाल (58), उमंग कुमार साहू (28) और सूजल कुमार (19) बताये गये। मुन्ना जायसवाल लालपुर के पीस रोड का रहने वाला है। वहीं, उमंग कुमार साहू कोकर के जतरा टांड़ और सूजल कुमार सुभाष चौक का रहने वाला है। एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने के जेवर और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। चोरी की वारदात को बीते 25 मार्च को अंजाम दिया गया था। मामले में लालपुर थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
*नाबालिग से मिला सुराग, खुला पूरा मामला*
घटना के बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को कस्टडी में लिया। पूछताछ में उसने चोरी में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी। नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार मुन्ना जायसवाल के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है। वहीं, निरुद्ध नाबालिग के खिलाफ भी पूर्व में केस दर्ज हो चुका है।
*क्या-क्या हुआ बरामद*
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के कई आभूषण और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामान में सोने की अंगूठी, चेन, कान के फूल (दो जोड़े), झुमका और तीन मोबाइल (1+ , रियलमी और Itel) शामिल हैं।
*टीम ने की संयुक्त कार्रवाई*
इस पूरे मामले के खुलासे में लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

