जमशेदपुर।मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-13 निवासी 16 वर्षीय रियान की अपेंडिक्स ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना मानगो स्थित डॉ. बदर नर्सिंग होम में हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नर्सिंग होम में हंगामा करने के बाद मानगो थाना पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
परिजनों ने बताया कि रियान को पेट दर्द की शिकायत के बाद नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने जांच के बाद अपेंडिक्स ऑपरेशन की सलाह दी थी। परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन से पहले रियान की हालत सामान्य थी, लेकिन प्रक्रिया शुरू होने से पहले अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया, जिसके तुरंत बाद उसके मुंह से पानी निकलने लगा और उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद ऑपरेशन को लेजर तकनीक से शुरू कर दिया गया, जिससे स्थिति और खराब हो गई। जब रियान की हालत बेहद नाजुक हो गई, तब उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने नर्सिंग होम में जमकर विरोध किया और तोड़फोड़ की कोशिश भी की। स्थिति बिगड़ती देख मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। बाद में परिजन थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर संबंधित डॉक्टर व नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने इंजेक्शन के ओवरडोज को मौत का कारण बताया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा भी नर्सिंग होम के कागजात और इलाज प्रक्रिया की जांच किए जाने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त नर्सिंग होम में पहले भी इलाज में लापरवाही की शिकायतें मिलती रही हैं, ऐसे में इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

