*रांची : रातू थाना क्षेत्र के मुरगू गांव में शादी समारोह में गए एक परिवार के घर में घुसकर चोरों ने गोदरेज अलमारी तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के चार दिन के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण कुमार (21 वर्ष) और रमेश कुमार उर्फ रमेश तंबोली (23 वर्ष के तौर पर हुई है। दोनों रातू थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पुल के पास जमीन में गाड़कर छिपाए गए चोरी के जेवरात और सिक्के भी बरामद कर लिए। इस बात का खुलासा रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया है।
रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि मामले को लेकर मुरगू गांव के रहने वाले आकाश कुमार तिवारी ने बीते 12 मार्च को रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 11 मार्च को वे अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वे घर लौटे तो उन्हें कुछ लोगों के भागने की आवाज सुनाई दी। घर के अंदर जाकर देखने पर पाया कि घर में रखा गोदरेज अलमारी खुला हुआ था और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर अलमारी तोड़कर घर में रखे जेवरात और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। इसके बाद रातू थाना में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख और मुख्यालय डीएसपी द्वितीय अरविंद कुमार-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 मार्च को दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों युवकों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
*जमीन में गाड़ दिये थे गहने*
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च की रात उन्होंने गांव के ही रतन तिवारी के घर में घुसकर गोदरेज अलमारी तोड़कर जेवरात चोरी किए थे। चोरी के बाद उन्होंने सामान को गांव से कुछ दूरी पर चितरकोटा जाने वाले रास्ते में पुल के पास एक सुनसान जगह पर गड्ढा खोदकर जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर बताए गए स्थान से गड्ढा खोदकर चोरी किए गए जेवरात और सिक्के बरामद कर लिए। बरामद सामान में सोने जैसे कई आभूषण शामिल हैं, जिनमें बाउरी, झुमका, पतली चेन, लॉकेट, टॉप्स, नाक की छुछी, हार, मोती जड़ा लॉकेट, जितिया, नथिया और डायमंड जैसे टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा चांदी जैसे आभूषणों में पोजेब, पायल के कई जोड़े, डंडपीन, बिछिया और बेड़ा भी बरामद किए गए हैं। साथ ही 20 रुपये के चार, 10 रुपये के 38 और 5 रुपये के 44 सिक्के भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी करण कुमार का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ रातू थाना में वर्ष 2025 में भी एक मामला दर्ज है।

