Breaking
Thu. Mar 12th, 2026

बेनाम स्टेशन पर फिर बवाल, ‘बढ़की चापी’ लिखते ही भड़के कमले के लोग।

कुडू – लोहरदगा : लोहरदगा-टोरी रेलवे लाइन पर स्थित कमले गांव के पास बना रेलवे स्टेशन आज भी अपने नाम के लिए तरस रहा है। स्टेशन बनने के वर्षों बाद भी नाम को लेकर दो गांवों के बीच जारी विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल, स्टेशन का नामकरण कमले और बढ़की चापी गांव के बीच विवाद का विषय बना हुआ है। कमले गांव के लोगों का कहना है कि स्टेशन उनकी जमीन पर बना है, इसलिए इसका नाम कमले स्टेशन रखा जाना चाहिए। वहीं बढ़की चापी के लोगों की दलील है कि पंचायत बढ़की चापी है, इसलिए स्टेशन का नाम बढ़की चापी स्टेशन होना चाहिए। इसी खींचतान के कारण स्टेशन आज तक बेनाम बना हुआ है। कई बार रेलवे की ओर से स्टेशन का नाम लिखने के लिए पेंटर पहुंचे, सीढ़ियां भी लगाई गईं, लेकिन हर बार नाम लिखे जाने से पहले ही विरोध के कारण काम रोकना पड़ा। बुधवार 10 मार्च की सुबह भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। ठेकेदार के लोग स्टेशन पहुंचकर बोर्ड पर ‘बढ़की चापी स्टेशन’ लिखने लगे। इसकी सूचना मिलते ही कमले गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और नाम लिखने का जोरदार विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बोर्ड पर लिखे ‘बढ़की चापी स्टेशन’ पर कालिख पोत दी। कुल मिलाके नाम को लेकर दोनों गांवों के बीच जारी विवाद के कारण यह स्टेशन अब तक आधिकारिक नाम के इंतजार में है।

Related Post