जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दीपोखर मुख्य बाजार में सोमवार को ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए दो संदिग्ध बाइक चोरों को पकड़ लिया। दोनों की जमकर पिटाई करने के बाद उन्हें कोवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंतला गांव निवासी अनील सरदार की होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शनिवार को हल्दीपोखर के साप्ताहिक हाट से चोरी हो गई थी। बाइक चोरी होने के बाद अनील सरदार ने इसकी लिखित शिकायत कोवाली थाना में दर्ज कराई थी।
सोमवार को दो युवक चोरी की गई उसी बाइक से हल्दीपोखर पहुंचे थे। इस दौरान बाइक का नंबर प्लेट हटाया हुआ था। बाइक मालिक अनील सरदार और उसके दोस्तों ने मोटरसाइकिल को पहचान लिया और दोनों युवकों को रोककर गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा। लेकिन वे किसी प्रकार का वैध कागजात नहीं दिखा सके।
इसके बाद ग्रामीणों को शक हुआ और दोनों को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर हल्दीपोखर टीओपी की पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों ने बाइक और दोनों संदिग्धों को पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए दोनों युवकों को कोवाली थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान एक युवक ने अपना नाम कौशिक गोप बताया है, जो जुड़ी गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों युवक नशे की हालत में थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

