Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

सड़क हादसे में युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

कोडरमा। सतगावां थाना क्षेत्र के ईटाय पंचायत अंतर्गत ग्राम विशनीडीह में उस वक्त मातम पसर गया, जब शनिवार को सुबह सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय संटू राम की जान चली गई। मृतक के घर में भतीजे के तिलक समारोह की खुशियां मनाई जा रही थीं, जो इस हादसे के बाद चीख-पुकार में बदल गईं। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को संटू राम के बड़े भाई के लड़के का तिलक समारोह था। शनिवार की सुबह संटू किसी व्यक्ति को मोटरसाइकिल से बासोडीह बाजार छोड़ने गया था। बाजार से वापस घर लौटने के क्रम में मरचोई सकरी नदी पर पुल के रेलिंग में बूलेट मोटरसाइकिल टकराया और मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिस मोटरसाइकिल की दुर्घटना हुई वह बुलेट मोटरसाइकिल शुक्रवार की रात में ही तिलक में मिला था। राहगीरों और परिजनों की मदद से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। संटू राम अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र को छोड़ गया है।

Related Post