चतरा (इटखोरी): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर चतरा जिले के इटखोरी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में इटखोरी की अंचल अधिकारी (सीओ) सबिता सिंह एक युवक को डांटते हुए और डंडे से मारकर उसे सरकारी गाड़ी में बैठाने की कोशिश करती दिखाई दे रही हैं। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला इटखोरी महोत्सव के दौरान का है। जानकारी के अनुसार तीन युवक नशे की हालत में सीओ की गाड़ी के सामने आ गए और उनकी गाड़ी से टकरा गए। आरोप है कि युवक गन्ने के रस में शराब मिलाकर पी रहे थे। इसी दौरान महोत्सव पास को लेकर युवकों और सीओ के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने सीओ की ओर गिलास भी फेंक दिया था।
मौके पर मौजूद चौकीदार ने जब युवकों को समझाने की कोशिश की तो वे उससे भी उलझ पड़े। स्थिति बिगड़ते देख सीओ खुद गाड़ी से उतरकर मामले को संभालने पहुंचीं, लेकिन नशे में धुत युवकों ने उनसे भी अभद्र भाषा में बात करनी शुरू कर दी। बताया जाता है कि इसी दौरान एक युवक ने सीओ के साथ बदसलूकी करते हुए हाथापाई की कोशिश भी की।
इसके बाद सीओ ने युवकों को थाने ले जाने के लिए गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन वे लगातार हंगामा करते रहे और गाड़ी में बैठने से इनकार करते रहे। इसी दौरान सीओ ने सख्ती दिखाते हुए युवक को डंडे से मारकर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। वहां मौजूद लोगों में से किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में सीओ सबिता सिंह ने बताया कि युवक नशे की हालत में थे और उनके साथ बदसलूकी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवक उनकी गाड़ी के सामने आकर ब्रेक मार रहा था और उनके खिलाफ आपत्तिजनक बातें कह रहा था। इसी वजह से स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए उन्हें सख्ती करनी पड़ी।

