Breaking
Sun. Mar 8th, 2026

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत*

चाईबासा : शहर के बोदरा चौक के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश सामड़ के रूप में हुई है। वह तांतनगर थाना क्षेत्र के गितीलआदेर गांव का रहने वाला था और इन दिनों अपने चाचा अजबन सामड़ के साथ बोदरा चौक स्थित उनके गैरेज में रहकर काम करता था।

मिली जानकारी के अनुसार, आकाश सामड़ प्रतिदिन की तरह शनिवार की रात करीब 10:30 बजे सब्जी लेने के लिए तांबो चौक स्थित एक होटल की ओर जा रहा था। इसी दौरान तांबो चौक से लगभग 500 मीटर दूर बोदरा चौक के पास बायपास रोड से झींकपानी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार छोटी अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

वाहन की गति इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही आकाश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना आकाश के चाचा अजबन सामड़ को दी। सूचना मिलते ही अजबन सामड़ दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे और अपने भतीजे को उस हालत में देखकर वे काफी दुखी हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर मुफस्सिल थाना को भी सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल आकाश सामड़ को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना से बोदरा चौक और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बायपास रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Related Post