Breaking
Tue. May 26th, 2026

राखामाइंस स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के नए ठहराव का शुभारंभ, सांसद विद्युत वरण महतो ने दिखाई हरी झंडी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के राखामाइंस रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ट्रेन संख्या 18477/18478 पुरी–योगनगरी ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस के नए ठहराव की सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और रेल यात्री मौजूद रहे तथा ट्रेन के नए स्टॉपेज का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

राखामाइंस और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की ओर से लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी। अब इस मांग के पूरी होने से स्थानीय लोगों में काफी खुशी देखी गई। लोगों ने सांसद विद्युत वरण महतो और रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से क्षेत्र के यात्रियों को दूर-दराज के शहरों तक यात्रा करने में काफी सहूलियत मिलेगी।

इस मौके पर खड़गपुर मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) मनीषा गोयल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार, मंडल के अन्य रेलवे अधिकारी, डीआरयूसीसी के सदस्य तथा कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि उत्कल एक्सप्रेस के इस ठहराव से राखामाइंस और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अब सीधे पुरी और योगनगरी ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक यात्रा करने में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे से लगातार संवाद किया जा रहा है और भविष्य में भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

रेलवे अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उत्कल एक्सप्रेस के नए ठहराव से अब स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

Related Post