खूंटी :* खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में शुक्रवार रात करीब आठ बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर चल रही किराना दुकान में घुसकर बाप-बेटे पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। इस हमले में 55 वर्षीय सुकरा महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
*दुकान में बैठे थे परिवार के लोग, तभी पहुंचे बदमाश*
मिली जानकारी के अनुसार, सुकरा महतो का परिवार घर में ही किराना दुकान चलाता है। शुक्रवार रात परिवार के सभी लोग दुकान पर ही बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक दो हथियारबंद अज्ञात अपराधी वहां पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने आते ही सुकरा महतो के सबसे छोटे बेटे अर्जुन महतो को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली से बचने की कोशिश में अर्जुन इधर-उधर भागा, लेकिन गोली उसके दाहिने हाथ में लग गई।
*बेटे को गोली लगते ही पिता को बना दिया निशाना*
अर्जुन को घायल होते देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच अपराधियों ने कुर्सी पर बैठे सुकरा महतो को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़े। घटना के बाद पूरे घर में हड़कंप मच गया। परिवार और गांव के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
*अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित*
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण घायल अर्जुन महतो और सुकरा महतो को लेकर कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन महतो की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।
*जमीन विवाद में हत्या की आशंका*
मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि उनका परिवार साल 2013 से अपने ससुराल तिमड़ा गांव में रह रहा था। उनके ससुर ने अपनी जमीन बेटी और दामाद के नाम लिख दी थी। इसी को लेकर परिवार में गोतिया के साथ जमीन विवाद चल रहा था।
परिजनों का कहना है कि इसी जमीन विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया होगा। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अपराधी पूरे परिवार को खत्म करने के इरादे से आए थे, लेकिन लोग इधर-उधर भागकर अपनी जान बचा सके।
*इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी*
घटना की सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

