जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई तीन एक्साइड पावर सेफ कंपनी की बैटरियां भी बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 4 मई 2026 को भाटिया बस्ती स्थित विवेकानंद रोड निवासी लालू कुमार के घर के आंगन से रखे सामान की चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित द्वारा कदमा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर कदमा थाना कांड संख्या 19/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (a), 332(c) और 331(4) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की जांच करते हुए तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर विवेकानंद भाटिया बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी यीशु मुखी उर्फ इशु मुखी उर्फ डेफनेट मुखी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अजय रजक के घर और संजय इलेक्ट्रॉनिक्स से चोरी की गई तीन बैटरियां बरामद कर लीं। इसके बाद मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शास्त्री नगर ब्लॉक-04 निवासी यीशु मुखी उर्फ इशु मुखी उर्फ डेफनेट मुखी (उम्र करीब 20 वर्ष), शास्त्री नगर ब्लॉक-03 निवासी अजय रजक (उम्र करीब 25 वर्ष) और शास्त्री नगर ब्लॉक-03 निवासी अमन साहू (उम्र करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन लोगों ने 5 मार्च 2026 को शास्त्री नगर ब्लॉक-03 निवासी सुभाष बोस के साथ मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे अन्य घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
इस छापेमारी अभियान में कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा के अलावा पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार रवि, मंटू कुमार, भोला राणा, तसव्वुर हुसैन, गंदिरा उरांव, सुंदर राम, राहुल कुमार तिवारी और वरुण दत्ता शामिल थे।

