Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

कदमा थाने का घेराव: बस्ती के लोगों ने लगाया आसामाजिक तत्वों पर आतंक फैलाने का आरोप

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर के लोगों ने गुरुवार रात असामाजिक तत्वों से परेशान होकर कदमा थाना का घेराव कर दिया। करीब 50 की संख्या में पहुंचे बस्तीवासियों ने थाना परिसर में ही धरना देकर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि इलाके में कुछ युवक लंबे समय से बस्ती में दहशत का माहौल बना रहे हैं, जिससे आम लोग भय के बीच जीवन जीने को मजबूर हैं।

बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके के ही अजय रजक और पंकज नामक युवक अक्सर लोगों को धमकाते और विवाद करते हैं। गुरुवार शाम भी अजय रजक अपने कुछ साथियों के साथ एक महिला के घर में जबरन घुस गया और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट करने लगा। विरोध करने पर उसने महिलाओं के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब अजय रजक द्वारा इस तरह की हरकत की गई हो। इससे पहले भी वह कई बार बस्ती में लोगों के साथ झगड़ा कर चुका है और लोगों को धमकाता रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से परेशान होकर बस्ती के लोगों ने सामूहिक रूप से कदमा थाना पहुंचकर घेराव कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

थाना परिसर में करीब एक घंटे तक लोग धरने पर बैठे रहे और पुलिस से सुरक्षा की मांग करते रहे। सूचना मिलने पर कदमा थाना प्रभारी प्रवेशचंद्र सिन्हा मौके पर पहुंचे और बस्तीवासियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इलाके में पुलिस की गश्त भी बढ़ाई जाएगी।

 

थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद बस्ती के लोग धरने से उठे और वापस अपने घर लौट गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि शिकायत मिलती है तो आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post