गिरिडीह*: शहर के हुट्टी बाजार के पास डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मृतक की पहचान अजय दास के रूप में हुई है। वहीं घायलों में उसका भाई प्रवीण दास, प्रेम दास और राजेश दास शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसे बंद कराने के लिए अजय दास मौके पर गया था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर उसका भाई प्रवीण भी वहां पहुंच गया।
प्रवीण दास के अनुसार, मौके पर रवि और उसके बेटे रूबी व रोनी हाथ में चाकू, भुजाली और अस्तुरा लेकर खड़े थे। अचानक उन्होंने हमला कर दिया। हमले में अजय दास के सीने पर चाकू से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रतन सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर भाजपा नेता दिनेश यादव भी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात
कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

