यूपी।होली के त्योहार से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर रूटल गांव में पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक युवक ने अपने ही घर को उजाड़ दिया। जमीन बिक्री और गहनों के पैसों को लेकर हुए झगड़े में बेटे ने पिता, मां, दादी और बहन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
रविवार की रात लगभग साढ़े बारह बजे गांव में अचानक चीख-पुकार की आवाजें गूंजने लगीं। आसपास के लोग जब बदलूराम के घर पहुंचे तो आंगन में खून से लथपथ चार शव पड़े थे। दृश्य इतना भयावह था कि ग्रामीण सन्न रह गए। बताया जा रहा है कि बदलूराम ने कुछ जमीन बेची थी और घर के गहने भी बेचे गए थे। इसी पैसे को लेकर उसका बेटा निरंकार लंबे समय से नाराज चल रहा था। रात में इसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर निरंकार ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और सबसे पहले अपने पिता पर हमला कर दिया। जब मां संजू देवी उन्हें बचाने आईं तो उन पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। बीच-बचाव करने पहुंची बहन पार्वती और वृद्ध दादी सीतला को भी उसने नहीं बख्शा। चारों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर आत्महत्या का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर को सील कर फोरेंसिक टीम से जांच कराई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल आरोपी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति और पैसों के विवाद को ही हत्याकांड की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। होली से पहले हुई इस सामूहिक हत्या ने पूरे इलाके को शोक और दहशत में डाल दिया है। गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग अब भी इस त्रासदी से उबर नहीं पा रहे हैं।

