जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित एनटीटीएफ(Netaji Subhas Technical Training Foundation) के छात्रावास में रविवार देर रात एक छात्र की फांसी लगने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है। वह मेकाट्रॉनिक्स शाखा का छात्र था और मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही संस्थान और छात्रावास परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि आदित्य अपने निर्धारित कमरे में रह रहा था। देर रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर साथियों को आशंका हुई। मामले की सूचना हॉस्टल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया के बाद कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर छात्र का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए कमरे को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। छात्र के मोबाइल फोन और अन्य व्यक्तिगत वस्तुओं की जांच की जा रही है। सहपाठियों और हॉस्टल प्रबंधन से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि कहीं वह मानसिक तनाव, शैक्षणिक दबाव या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण से परेशान तो नहीं था।
घटना के बाद छात्रावास में सन्नाटा पसरा हुआ है। साथी विद्यार्थी इस अप्रत्याशित घटना से स्तब्ध हैं और संस्थान प्रबंधन ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके जमशेदपुर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

