Breaking
Sat. Feb 21st, 2026

खरकई रेलवे ब्रिज के पास छापेमारी में मनीष सिंह गिरोह के दो सदस्य हथियार सहित गिरफ्तार

जमशेदपुर। जुगसलाई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र अंतर्गत खरकई रेलवे ब्रिज के समीप छापेमारी कर कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, जमशेदपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई एवं आसपास के क्षेत्रों में मनीष सिंह गिरोह के 6-7 सदस्य सक्रिय हैं और व्यवसायियों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई रेलवे ब्रिज के समीप कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक लोहे का बना देशी कट्टा, चार जिंदा गोलियां तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन सिंह (28 वर्ष) और दीपक सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों जुगसलाई गौशाला नाला रोड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों संगठित रूप से रंगदारी वसूली की योजना बना रहे थे।

इस संबंध में जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रौशन सिंह के खिलाफ पूर्व में भी जुगसलाई थाना में जबरन वसूली का मामला दर्ज है। वहीं दीपक सिंह के विरुद्ध तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें जुगसलाई थाना में वर्ष 2022 में मारपीट एवं जानलेवा हमला से संबंधित धाराएं तथा सोनारी थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

इस छापेमारी दल में थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार के अलावा अजय कुमार यादव, गोपाल कुमार, कृष्ण कुमार यादव, सुमित लड़का, गौतम कुमार, दिलीप कुमार यादव, हवलदार कुंदन राम, हवलदार वासुदेव महतो तथा गृहरक्षक चालक बिहारी कुमार मिश्रा शामिल थे।पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Post