Breaking
Sat. Feb 21st, 2026

वासेपुर में देर रात फायरिंग से दहशत, फहीम खान के बेटे के ड्राइवर को मारी गोली, हालत गंभीर

धनबाद। कोयलांचल क्षेत्र के वासेपुर में बीती देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने जेल में बंद माफिया डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली पर जानलेवा हमला कर दिया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार इकबाल खान मस्जिद से इबादत कर अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ निजी अंगरक्षक और ड्राइवर बबली भी मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि कुछ संदिग्ध युवक उनका पीछा कर रहे हैं। संभावित खतरे को भांपते हुए इकबाल खान तुरंत फहीम मार्केट परिसर के अंदर सुरक्षित स्थान पर चले गए।

बताया जा रहा है कि इसके बाद अंगरक्षक और ड्राइवर बबली संदिग्ध लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से बाहर निकले। जैसे ही वे अली नगर के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर से बबली सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली बबली की पीठ में जा धंसी। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद भूली की दिशा में फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बबली को तुरंत असर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार गोली पीठ के रास्ते अंदरूनी हिस्से में फंसी हुई है, जिससे स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हमले को आपसी रंजिश और संभावित गैंगवार के एंगल से भी देख रही है।

वासेपुर और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी आपराधिक वर्चस्व को लेकर कई घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में देर रात हुई इस फायरिंग ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Post