Breaking
Wed. Jun 17th, 2026

कपाली ओपी क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी समेत सामान ले उड़े चोर

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने शुक्रवार देर रात एक दुकान को निशाना बनाते हुए ताला और अल्बेस्टर तोड़कर भीतर प्रवेश किया तथा नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार डांगरडीह निवासी शंकर कुम्भकार, पिता स्वर्गीय जेठु कुम्भकार ने कपाली ओपी में दिए लिखित आवेदन में बताया कि 20 फरवरी 2026 की रात लगभग 2 बजे से 3 बजे के बीच चोरों ने उनकी दुकान में धावा बोला। चोर अल्बेस्टर तोड़कर अंदर घुसे और दुकान के भीतर रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। गल्ले में रखे करीब आठ हजार रुपये नकद के साथ अन्य सामान भी चुरा लिया गया।

शनिवार सुबह जब शंकर कुम्भकार रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो अल्बेस्टर टूटा हुआ देखकर सन्न रह गए। अंदर का दृश्य बिखरा हुआ था और गल्ले से नकदी गायब थी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि इससे पहले भी उनकी दुकान में दो बार चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक चोरों का सुराग नहीं मिल पाया है।

शंकर कुम्भकार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर शीघ्र चोरों की पहचान करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर कपाली ओपी पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related Post