Breaking
Sat. Feb 21st, 2026

बंदगाँव थाना क्षेत्र में अवैध पोस्ता खेती नष्ट, एक आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगाँव थाना क्षेत्र में अवैध पोस्ता (अफीम) की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बंदगाँव थाना कांड संख्या 02/26, दिनांक 19 फरवरी 2026, धारा 8 (b) / 18 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

19 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम इटी विरदा, केराबासा एवं जलमय के पास के जंगल क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की गई है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक, पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा के आदेश तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर (प्रभार चक्रधरपुर), चाईबासा के निर्देश पर सभी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए एक छापामारी टीम का गठन किया गया।

छापामारी के दौरान ग्राम विरदा में लगभग 2 एकड़, केराबासा में करीब 15 डिसमिल तथा जलमय में लगभग 3 एकड़ खेत में लगी अवैध पोस्ता की फसल को नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।

मामले में नामजद आरोपी जिठुवा कोंगाडी, उम्र करीब 55 वर्ष, पिता स्व. दंदु कोंगाडी, निवासी जलमय टोला जुगी जलमय, थाना बंदगाँव, जिला पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा को 21 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।

छापामारी टीम में पु.अ.नि. मनीष कुमार, थाना प्रभारी बंदगाँव थाना, पु.अ.नि. हरिशचंद्र प्रसाद, बंदगाँव थाना (अनुसंधानकर्ता), स.अ.नि. योगेश चन्द्र बोइपाई, बंदगाँव थाना तथा सैट 55 बंदगाँव थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Post