बोकारो। शुक्रवार की शाम उकरीद मोड़ पर एक पल में खुशियों से भरा परिवार मातम में डूब गया। मायके से लौट रही 32 वर्षीय पुष्पा देवी की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और दोनों बच्चे घायल हो गए। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना करीब 5:30 बजे उकरीद मोड़ स्थित बबलू चिकन दुकान के सामने हुई। जानकारी के अनुसार पुष्पा देवी अपने पति राजेश और 8 वर्षीय बेटी व 4 वर्षीय बेटे के साथ स्प्लेंडर प्लस बाइक से बाराडीह जैनामोड़ से सेक्टर-3 स्थित अपने आवास लौट रही थीं। इसी दौरान एक टोइंग वैन, जो ट्रक को खींचकर ले जा रही थी, बाइक के संपर्क में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुष्पा देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। राजेश के हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि दोनों बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतका का ससुराल बरमसिया गांव में है। राजेश सेक्टर-4 स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर यातायात घंटों बाधित रहा। सूचना पर सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास करती रही। दो मासूम बच्चों के सामने मां की मौत की इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। खबर लिखे जाने तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
उकरीद मोड़ पर मातम: दो मासूमों के सामने बिखर गया घर — गुस्साए लोगों ने मुआवजे को लेकर किया सड़क जाम

