Breaking
Fri. Feb 20th, 2026

ऑपरेशन “सतर्क” में हटिया स्टेशन पर 85 बोतल शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “सतर्क” के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप पकड़ी गई। आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम रांची ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए एक लावारिस बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 85 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,02,000 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा मुख्य द्वार के पास से 18 बोतल शराब लावारिस हालत में भी बरामद की गई।

कार्रवाई के क्रम में तीन आरोपियों—नवजीत कुमार (जिला अरवल, बिहार), मुकेश कुमार सिंह (जिला रांची) और महेश सोनी (जिला रांची) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रांची से शराब खरीदकर ट्रेन संख्या 18624 हटिया–इस्लामपुर एक्सप्रेस के जरिए बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की योजना बना रहे थे।बरामद सभी शराब की बोतलों को जब्त कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, रांची को सौंप दिया गया है।

इस अभियान को सफल बनाने में आरपीएफ पोस्ट हटिया के निरीक्षक रूपेश कुमार, उप निरीक्षक दीपक कुमार और उज्ज्वल कुमार, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार सहित स्टाफ के बसंत सोय, राजेश रौशन, दिनेश प्रसाद, बसंती कुमारी, निधि कुमारी और अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Post