Breaking
Sun. Aug 16th, 2026

साकची गोलचक्कर के पास सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत साकची गोलचक्कर के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान परशुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी नामोटोला निवासी शुभ्रज्योती नंदी के रूप में हुई है। वह आदित्यपुर में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और पार्ट टाइम में ज़ोमैटो में डिलीवरी का काम भी करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 19 फरवरी 2026 की रात करीब 11:10 बजे की है। शुभ्रज्योती नंदी अपनी मोटरसाइकिल संख्या JH05 AU-5890 से घर लौट रहा था। इसी दौरान साकची गोलचक्कर के पास एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक (संख्या JH01BV-7129) ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय राहगीरों की मदद से उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता करुण चंद्र नंदी ने साकची थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने और उनके पुत्र को कुचलने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शुभ्रज्योती परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसी की आय से पूरा परिवार चलता था। परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक भाई हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post