जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला में बुधवार को साकची स्थित निर्माणाधीन जमशेदपुर हाट पलाश मार्ट का उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यकारी एजेंसी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 10 दिनों के भीतर निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि इसे शीघ्र ही स्थानीय कारीगरों और ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जा सके।
जिला प्रशासन की पहल पर जमशेदपुर हाट पलाश मार्ट का निर्माण ग्रामीण स्तर पर प्रचलित हस्तशिल्प एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को स्थायी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस हाट के माध्यम से स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री में सुविधा मिलेगी, वहीं ग्राहकों को भी एक ही स्थान पर विविध स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भवन निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि जमशेदपुर हाट पलाश मार्ट के दुकानों के आवंटन, संचालन एवं रखरखाव के लिए एक उपयुक्त समिति का गठन किया जाए, जिससे इसका सुचारू और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक सुजीत बारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

