Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

गांधी मैदान में ब्राउन शुगर बेचते युवक गिरफ्तार, 22 पुड़िया नशीला पदार्थ बरामद

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित गांधी मैदान में अवैध नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ जितु (32) के रूप में हुई है। उसके पास से 22 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 4.12 ग्राम है, तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

थाना प्रभारी मो. शारीक अली ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी मैदान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस टीम गांधी मैदान पहुंची। पुलिस बल को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान जवानों ने दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया और मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में शनिवार को जेल भेज दिया। वहीं मौके से फरार हुए अन्य लोगों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Post