Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

मानगो के दाईगुट्टू में शॉर्ट सर्किट से मकान में भीषण आग, चार घंटे बाद पाया गया काबू

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र स्थित दाईगुट्टू के कावेरी रोड में शनिवार को एक मकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग उर्मिला देवी के घर में लगी और देखते ही देखते इतनी तेजी से फैल गई कि पूरा मकान धू-धू कर जलने लगा। वेंटीलेटर से बाहर निकलती तेज लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।

घटना के समय घर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी और अग्निशमन विभाग को बुलाया। दमकल की गाड़ी पहुंचने तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। चूंकि घर बंद था, इसलिए आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजे का ताला तोड़कर दमकलकर्मियों ने भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

आग बुझाने के दौरान ही मकान मालकिन उर्मिला देवी वहां पहुंचीं। अपने घर को जलता देख वह बिलख पड़ीं। उन्होंने बताया कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। राशन, नकदी, कपड़े, फर्नीचर, रजाई, गद्दे और पलंग तक कुछ भी नहीं बचा।

उर्मिला देवी के मुताबिक आग लगने से ठीक पहले वह घर में ताला लगाकर थोड़ी देर के लिए कुछ जरूरी सामान लेने बाहर गई थीं। वही उनका बचाव बन गया। उनका कहना है कि अगर वह उस समय घर के भीतर होतीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि शायद भगवान ने ही उन्हें बाहर भेज दिया, क्योंकि उस दिन उनका मन घर से निकलने का नहीं था, लेकिन बार-बार खाने का सामान लाने का ख्याल आ रहा था।

उर्मिला देवी अकेली रहती हैं और छोटे-मोटे सामान बेचकर अपना गुजारा करती हैं। उनका बेटा बाहर कमाकर परिवार की मदद करता है और उसी के भेजे पैसों से यह पक्का मकान बना है, हालांकि अभी उसका प्लास्टर भी नहीं हुआ है। अचानक लगी इस आग ने उनकी जीवन भर की जमा-पूंजी पल भर में खत्म कर दी।

Related Post