चाईबासा: भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी को शहीद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर चाईबासा के पुलिस केंद्र में दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की आजादी के लिए शहीद हुए वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश के लिए अमूल्य है और उनकी कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप चौधरी, परिचारी सुनील किस्पोट्टा, रक्षित अवर निरीक्षक वीरेंद्र कुमार, पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी तारा चांद महतो, सचिव चतुर्थवर्गीय संघ के अध्यक्ष विनोद राम सहित सभी कार्यालयों के पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि शहीद दिवस हमें देशभक्ति, त्याग और समर्पण की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को भी शहीदों के आदर्शों से सीख लेकर देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सभी ने शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

