जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला में शनिवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाज के कमजोर वर्ग की बालिकाओं के साथ सीधा संवाद कर उनके भविष्य के सपनों, चुनौतियों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। बालिकाओं ने खुलकर अपनी बात रखते हुए शिक्षा, दैनिक दिनचर्या, बस्ती की समस्याओं, सामाजिक बुराइयों, सुरक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर अपनी चिंताओं को साझा किया।
संवाद के दौरान बालिकाओं ने विशेष रूप से शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आवश्यक प्रमाण पत्रों के निर्माण में आ रही कठिनाइयों, पुस्तकालय एवं कैरियर मार्गदर्शन की कमी, बस्तियों में साफ-सफाई, कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट, बालिका एवं महिला सुरक्षा, नशा सेवन जैसी सामाजिक बुराइयों तथा स्वास्थ्य से संबंधित मुद्दों को उठाया। बालिकाओं ने प्रशासन से इन समस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बालिकाओं से पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने, मेहनत और लगन से आगे बढ़ने तथा तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों में रोजगार एवं कैरियर के नए अवसर उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाने के लिए कौशल विकास पर निरंतर कार्य करना आवश्यक है।
उपायुक्त ने बालिकाओं को आश्वस्त किया कि आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए माह के अंत तक शहरी क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाकर कार्य किया जाएगा। बस्तियों में सफाई, कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए शहरी निकायों के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जेनेसी के हेल्पलाइन नंबर 7970625111 और 0657-2912514 तथा मानगो क्षेत्र के लिए हेल्पलाइन नंबर 9942997831 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
बालिका एवं महिला सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, नशे के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई तेज करने और सामाजिक स्तर पर भी नशा उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान बालिका-महिला सशक्तिकरण का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम का विधिवत दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया गया। बालिकाओं को उपहार स्वरूप स्कूल बैग एवं स्टेशनरी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपायुक्त के अलावा उप-विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, समाज कल्याण पदाधिकारी, डीसीएलआर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

