Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

अनियंत्रित बाइक लोहे के खंभे से टकराई, युवक की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़ियान काली मंदिर के समीप शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डुमरिया प्रखंड के बाकुलचन्दा गांव निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 8 बजे उस समय हुआ, जब तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल से तुड़ी मेला देखकर घर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल संख्या जेएच-05 बीजेड 0698 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के नेम बोर्ड के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे संजीत नायक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार गेलहुं और श्रीशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक डुमरिया प्रखंड के बाकुलचन्दा गांव के रहने वाले हैं और शनिवार शाम तुड़ी मेला देखने गए थे। लौटते समय यह हादसा हो गया।

वहीं पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Related Post