चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के खूंटपाई गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय मजदूर चोकरो बांडरा की जान चली गई। भीषण गर्मी और तेज धूप से बचने के लिए सड़क निर्माण कार्य में लगा मजदूर एक हाइवा के नीचे छांव में आराम कर रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया और हाइवा का पहिया मजदूर के सिर पर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, घोड़ाडूबा के जामजुई टोला निवासी चोकरो बांडरा घोड़ाडूबा से दो नंबर डिपो तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। इस सड़क का निर्माण गुमला के संवेदक आनंद साहू द्वारा कराया जा रहा है। बताया जाता है कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे भोजन करने के बाद चोकरो धूप से बचने के लिए सड़क किनारे खड़े हाइवा (जेएच 07एन 4257) के नीचे सो गया था। दोपहर करीब ढाई बजे हाइवा चालक ने वाहन के नीचे किसी व्यक्ति के सोए होने की जांच किए बिना ही गाड़ी स्टार्ट कर आगे बढ़ा दी। इसी दौरान हाइवा का पहिया चोकरो के सिर पर चढ़ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया है। मृतक के परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

