Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

हरहरगुट्टू में एटीएम तोड़फोड़ करते संदिग्ध को पुलिस ने पकड़ा, लोहे की रॉड बरामद

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू में बुधवार देर रात एटीएम को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। जेपी रोड स्थित फिन्डी (FINDI) एटीएम में तोड़फोड़ कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। उसके पास से लोहे की रॉड भी बरामद की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एटीएम को नुकसान पहुंचाने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 12:05 बजे की है। हरहरगुट्टू स्थित जेपी रोड के एटीएम में एक व्यक्ति तोड़फोड़ कर रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर उस पर पड़ी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे की रॉड मिली, जिसका इस्तेमाल एटीएम को क्षतिग्रस्त करने में किए जाने की आशंका है।

प्रारंभिक पूछताछ में संदिग्ध ने अपना पता बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित शिव मंदिर के पीछे बताया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति की चिकित्सकीय पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की जानकारी संबंधित एटीएम फ्रेंचाइजी को दे दी गई है। नुकसान का आकलन करने के लिए फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधि को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि एटीएम में तोड़फोड़ किसी चोरी के इरादे से की जा रही थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल एटीएम से नकदी चोरी होने या चोरी के प्रयास की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post