Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

टेल्को अजय श्रीवास्तव हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र में गला काटकर की गई युवक की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटा गोविंदपुर निवासी सिद्धार्थ कुमार (20) और राहुल कुमार सिंह उर्फ चीकू (20) के रूप में हुई है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार मृतक अजय श्रीवास्तव और आरोपी सिद्धार्थ कुमार पहले साथ मिलकर ब्राउन शुगर की खरीद–फरोख्त करते थे। कुछ दिन पहले दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान अजय ने सिद्धार्थ की चांदी की चेन भी अपने पास रख ली थी। जब सिद्धार्थ ने चेन वापस मांगी तो अजय ने उसके साथ गाली-गलौज की। घर पहुंचने पर सिद्धार्थ को उसकी मां ने भी नशे की आदत को लेकर फटकार लगाई और अपमानित करते हुए घर से निकाल दिया। इन घटनाओं ने सिद्धार्थ के मन में अजय के प्रति गहरा आक्रोश भर दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि नशापान के दौरान अजय श्रीवास्तव ने राहुल उर्फ चीकू को भी दोस्तों के सामने अपमानित किया था। अजय ने कहा था कि जब खर्च उठाने की औकात नहीं है तो पीने–खाने क्यों आते हो। इस बात से राहुल खुद को बेहद बेइज्जत महसूस कर रहा था। बाद में जब सिद्धार्थ ने अजय से बदला लेने की योजना बनाई तो राहुल भी उसमें शामिल हो गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने मिलकर अजय की हत्या की साजिश रची और 13 जनवरी की रात टेल्को थाना क्षेत्र में रामकृष्ण मिशन स्कूल के पीछे बाउंड्री वॉल के पास क्वार्टर संख्या L4/29 के बगल खाली स्थान में अजय की गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में और पुलिस उपाधीक्षक नगर की निगरानी में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर JH D5BM 4043), मृतक से छीनी गई 11,580 रुपये नकद राशि, रेडमी और वीवो कंपनी के मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहना गया जैकेट बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Post