Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

केबल कंपनी के मजदूरों ने दिखाई एकजुटता, वेदांता के पुनः संचालन के समर्थन में बनी सहमति

जमशेदपुर। शहर में वर्षा से बंद केबल कंपनी के केबल मजदूर संघ की ओर से रविवार को केबल गेट पर एक अहम और व्यापक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में केबल कंपनी के कर्मचारी शामिल हुए। सागर तिवारी और प्रदीप झा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में करीब 125 मजदूरों की उपस्थिति रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य कंपनी के दोबारा संचालन को लेकर कर्मचारियों की साझा राय बनाना और लंबे समय से लंबित मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा करना था।

बैठक में मौजूद सभी कर्मचारियों ने एकमत होकर वेदांता कंपनी के पुनः खुलने के समर्थन में अपनी सहमति जताई। मजदूरों का कहना था कि कंपनी का संचालन शुरू होना न केवल उनके रोजगार के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे उनके परिवारों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्योग के चलने से स्थानीय स्तर पर विकास को भी गति मिलेगी।

बैठक के दौरान मजदूरों ने यह निर्णय लिया कि वेदांता प्रबंधन के समक्ष अपनी प्रमुख मांगों को एकजुट होकर रखा जाएगा। कर्मचारियों ने पीएफ और ग्रेच्युटी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस और स्पष्ट व्यवस्था की मांग करने की बात कही। मजदूरों का कहना था कि वर्षों तक सेवा देने के बाद उनके सामाजिक और आर्थिक भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बीते करीब 25 वर्षों से केबल कर्मचारी संघर्ष और अनिश्चितता के दौर से गुजरते रहे हैं। लंबे समय तक कंपनी के बंद रहने से मजदूरों और उनके परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन अब वेदांता कंपनी के पुनः शुरू होने से कर्मचारियों को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद बंधी है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि कर्मचारियों की सभी समस्याओं, सुझावों और मांगों को सामूहिक रूप से वेदांता प्रबंधन के सामने रखा जाएगा, ताकि आपसी संवाद और सहमति के जरिए कंपनी का कामकाज सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सके। मजदूरों ने भरोसा जताया कि प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बेहतर तालमेल से ही उद्योग और श्रमिक, दोनों का हित सुरक्षित रह सकता है।

बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने साफ शब्दों में कहा कि वे वेदांता के साथ हैं और चाहते हैं कि कंपनी जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ संचालित हो। मजदूर संघ ने कर्मचारियों को संगठित रखने और उनके अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने का संकल्प भी दोहराया। बैठक में मुख्य रूप से रविन्द्र मिश्रा, संजय शर्मा, संजय चौधरी और चंद्रशेखर दुबे सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post