Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

*41वीं राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा को लेकर चाईबासा में निकली जागरूकता रैली*

चाईबासा: जिला स्वास्थ्य समिति-अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम, पश्चिमी सिंहभूम के सौजन्य से मंगलवार को सदर अस्पताल चाईबासा से 41वीं राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, फिजीशियन डॉ. बरियल मार्डी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सेलिन सोसन टोपनो एवं नेत्र पदाधिकारी डॉ. मनोज सिंह मुंडा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में जिले के सभी नेत्र सहायकों के अलावा नर्सिंग कौशल कॉलेज चाईबासा, प्रेजा फाउंडेशन के एडमिन इंचार्ज मनोज कुमार सिन्हा, प्रशिक्षु एएनएम छात्राएं तथा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट 10+2 स्कॉट बालिका उच्च विद्यालय चाईबासा की भाषा लैब सहायक शिक्षिका शुरूमनी पूरती के नेतृत्व में सुसज्जित बैंड पार्टी की टीम शामिल हुई।

रैली के दौरान नेत्र सहायकों ने राहगीरों के बीच नेत्रदान पखवाड़ा से संबंधित पंपलेट वितरित कर लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया। प्रशिक्षु एएनएम छात्राएं एवं स्कॉट बालिका उच्च विद्यालय की छात्राएं नेत्रदान पखवाड़ा से संबंधित स्लोगन लेकर बैंड-बाजे के साथ रैली में आगे चल रही थीं।

जागरूकता रैली सदर बाजार, पोस्ट ऑफिस चौक, घंटाघर, कोर्ट रोड, रुंगटा हाउस और जैन मार्केट चौक होते हुए पुनः सदर अस्पताल स्थित नेत्र चिकित्सालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली का नेतृत्व नेत्र पदाधिकारी डॉ. मनोज सिंह मुंडा ने किया।

इस अवसर पर नेत्र सहायक रमण कुमार सिंह, कविता महतो, हेमलता माहली, बबीता कुमारी, प्राची सिंकु, सुनीता किस्कु, राकेश पूर्ति, बीरेंद्र नाथ महतो, समीर साहा तथा साइटसेवर्स के जिला कार्यक्रम समन्वयक बासुदेव नायक समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Related Post