चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकरू प्रखंड की लेटेमदा पंचायत के नुतुनडीह गांव में जंगली हाथी के हमले से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान नुतुनडीह गांव निवासी 50 वर्षीय बुका महतो उर्फ गौरांग महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुका महतो शनिवार रात करीब तीन बजे अपने खेत में धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक पहुंचे एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से बुका महतो की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में वन्यजीवों की बढ़ती हमले को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को दी। सूचना मिलते ही मधुश्री महतो ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को अवगत कराते हुए मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

