Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

अब मानगो के लोग कर सकेंगे 5 रुपए में भरपेट भोजन, सरयू राय ने किया श्री बालाजी अन्नपूर्णा चलंत मध्याह्न भोजन कार्यक्रम का शुभारंभ

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने शनिवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को राहत देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए ‘श्री बालाजी अन्नपूर्णा चलंत मध्याह्न भोजन कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम मानगो डिमना रोड स्थित आदर्श नगर में शिव मंदिर के समक्ष शुरू किया गया, जहां अब प्रतिदिन दोपहर के समय चलंत भोजनालय के माध्यम से मात्र 5 रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस योजना के तहत चलंत भोजन वाहन की व्यवस्था विधायक सरयू राय द्वारा अपनी विधायक निधि से की गई है, जबकि भोजन तैयार करने और वितरण की जिम्मेदारी स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट द्वारा निभाई जा रही है। शनिवार को शुभारंभ के अवसर पर मध्याह्न भोजन में खिचड़ी, चोखा, पापड़ और आचार परोसा गया, जिसमें कुल 126 लोगों ने भोजन ग्रहण किया।

इस मौके पर विधायक सरयू राय ने कहा कि चलंत मध्याह्न भोजन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग मेन्यू के अनुसार लोगों को चावल, दाल, कढ़ी, सब्जी, आचार सहित पौष्टिक भोजन परोसा जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को विशेष रूप से खिचड़ी, पापड़ और आचार दिया जाता है। इस योजना से दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिक, बाजारों में काम करने वाले कर्मचारी, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के साथ-साथ वे आम लोग भी लाभान्वित होंगे, जो किसी कारणवश भोजन के समय घर नहीं पहुंच पाते हैं।

सरयू राय ने यह भी कहा कि चलंत भोजन वाहन में स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वे स्वयं समय-समय पर योजना का निरीक्षण करते हैं, ताकि लाभुकों को साफ-सुथरा, स्वादिष्ट और स्वास्थ्यकर भोजन मिल सके। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज के उन वर्गों के लिए एक बड़ी राहत है, जिन्हें कम खर्च में भरपेट भोजन की आवश्यकता होती है।

भोजन ग्रहण करने वाले लोगों ने इस मध्याह्न भोजन योजना की जमकर सराहना की। सभी ने एक स्वर में कहा कि मात्र 5 रुपए में भरपेट, स्वादिष्ट और साफ-सुथरा भोजन मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। भोजन के स्वाद और परोसने में की जा रही साफ-सफाई को लेकर भी भोजनार्थियों ने संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अवसर पर स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल, वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह और डॉ. संतोष गुप्ता, मानगो नगर निगम क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, जनता दल (यू) के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह, जय महाकाल सेवा संस्थान के नित्यानंद सिन्हा, लोजपा जिला अध्यक्ष सतीश सिंह, जद (यू) महिला मोर्चा की अध्यक्ष अमृता मिश्रा, मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, उलीडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Related Post