चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत ताज नगर बंधुगोड़ा प्राथमिक विद्यालय के समीप शनिवार सुबह एक 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अशर्फी कॉलोनी रोड नंबर तीन निवासी साबिर के रूप में हुई है, जो बीते तीन दिनों से लापता था। इस संबंध में परिजनों ने पहले ही कपाली ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने विद्यालय के पास एक शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने साबिर की मौत को साजिशन हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का प्रारंभिक आकलन है कि किशोर की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हो सकती है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

