Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

जैंतगढ़ में सड़क हादसा, 21 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जैंतगढ़ में गुरुवार शाम करीब 6 बजे हुए सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान जैंतगढ़ नया बाजार निवासी आदर्श कुमार दास के रूप में की गई है।

मृतक के बड़े भाई विजय कुमार राजू से मिली जानकारी के अनुसार आदर्श अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी से छनपदा से जैंतगढ़ की ओर लौट रहा था। इसी दौरान कोयला लदे तेज रफ्तार 16 चक्का मालवाहक ट्रक ने स्कूटी को ओवरटेक करने के क्रम में संतुलन खो दिया और स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आदर्श कुमार दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में स्कूटी पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कटक रेफर कर दिया गया है। बताया गया है कि घायल युवक भी जैंतगढ़ नया बाजार का ही निवासी है।

घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जैंतगढ़–छनपदा मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Post